झज्जर। छप्पार गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में बड़ी घास उगी है। इससे स्कूल और गांव के बच्चों को खेलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में केवल एक ही खेलने का मैदान है। इसे स्कूल या ग्राम पंचायत की तरफ से नहीं कटवाया गया है। घास ज्यादा होने के कारण यहां जहरीले जीव निकलने का खतरा बना रहता है। नतीजा बच्चों ने यहां खेलना ही बंद कर दिया है।
ग्रामीण रविंद्र, मनोज, संदीप, मोहित, राहुल, आशीष, कृष्ण ने बताया कि कई बार स्कूल प्रिंसिपल व ग्राम पंचायत से स्कूल के ग्राउंड में उगी घास को कटवाने के लिए कहा गया, लेकिन उनकी तरफ से इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि घास कटवा दी जाए तो बच्चे यहां प्रैक्टिस कर खेलों में अपना भाग्य आजमा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यहां पहले क्रिकेट व हैंडबाल के खिलाड़ी प्रैक्टिस करते थे, लेकिन घास उगने के बाद उन्होंने आना ही बंद कर दिया। ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन व ग्राम पंचायत से मांग की है कि घास को कटवाया जाए ताकि बच्चे प्रैक्टिस कर सके। स्कूल के प्रिंसिपल नरेश कुमार ने कहा कि बरसात का मौसम होने की वजह से यहां पानी खड़ा हो जाता है। इस कारण घास को कटवाने में परेशानी आ रही है। जैसे ही बरसात का मौसम खत्म होगा, उस समय गांव के सरपंच से मिलकर इस बारे में बात की जाएगी ताकि ट्रैक्टर से घास को कटवा दिया जाए।