झज्जर। झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग की सीसी रोड बनाने का काम करीब पांच माह से चल रहा है, लेकिन अब तक केवल एक तरफ का काम पूरा हुआ है। उसके बावजूद पांच माह में कई बार सड़क के नीचे से गुजर रही पेयजल की लाइन टूट चुकी है। शनिवार सुबह महर्षि वाल्मीकि चौक के पास ्रसड़क के नीचे से जा रही पानी की लाइन टूट गई। इसके चलते पानी सप्लाई का पूरा पानी सड़क और आसपास फैल गया। आवागमन में भी परेशानी हुई। पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही।
दोपहर बाद कर्मचारी मौके पर आए और उसे ठीक करने का काम किया, लेकिन देर शाम तक समाधान नहीं हुआ। अब रविवार को सड़क उखाड़कर इसे ठीक किया जाएगा। इससे पहले भी कई बार नवनिर्मित सड़क के नीचे से ही पानी की लाइन और घरेलू कनेक्शन टूट चुके हैं, जिस कारण पानी मुख्य मार्ग पर जमा हो जाता है। लोगों का आरोप है कि सड़क बनाने से पहले पेयजल कनेक्शन और पाइप सही नहीं लगाए गए, जिस कारण यह समस्या बार-बार हो रही है। इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बहादुरगढ़ रोड पर लेटलतीफी के चलते बन रही सड़क और बार-बार पेयजल को लेकर आ रही दिक्कतों को लेकर पिछले दिनों डीसी शक्ति सिंह ने दौरा कर अधिकारियों को जल्द सड़क बनाने के निर्देश दिए थे। यही नहीं रोहतक से सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने भी नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी के कहने पर यहां का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। उसके बावजूद यहां हालात सुधरने के नाम नहीं ले रहे। आए दिन लोगों को परेशानी हो रही है।
लोगों ने पुलिस बुला ली
पेयजल पाइप और कनेक्शन टूटने की वजह से यहां पहले भी घरों के बाहर पानी जमा हो गया था। कुछ दिन पहले स्थानीय व्यक्ति ने रात को 112 डायल कर पुलिस तक बुला ली थी और उपायुक्त के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। यही नहीं व्यक्ति ने वीडियो जारी कर कहा था कि यदि उसके परिवार को बीमारी के कारण कुछ हुआ तो वह हत्या का केस दर्ज करवाएगा।
छिकारा रोड पर भी वॉल टूटी, सड़क पर भरा पानी
छिकारा रोड पर भी शुक्रवार को किसी वाहन ने पानी की वॉल तोड़ दी थी, जिस कारण पानी सप्लाई के दौरान सारा पानी बेरी रोड पर दुकानों के आगे एकत्रित हो गया। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी हुई और दुकानदारों का भी व्यवसाय प्रभावित हुआ। शनिवार को कर्मचारियों ने आकर उसे ठीक किया।
आज सुबह हाल ही में बनाई गई सड़क के नीचे पेयजल सप्लाई का पानी बह रहा था। पानी पूरी सड़क पर फैल गया। दोपहर को आकर इसे ठीक किया गया। यह कोई नई बात नहीं है। बार-बार ऐसी समस्या आ रही है।
गंगाराम, स्थानीय निवासी
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने हाल ही में सीसी की नई सड़क बनाई है। उसके बावजूद नीचे से पानी सप्लाई का पानी बह रहा है। ऐसे में रोड जल्द टूट जाएगी। इससे पहले भी यही दिक्कत आ चुकी है। अधिकारियों को पहले ध्यान देना चाहिए था कि पेयजल लाइन ठीक है या नहीं?
रमेश, स्थानीय निवासी
वर्जन
बहादुरगढ़ रोड पर कनेक्शन या पाइप लाइन टूटी हुई है। शनिवार को कुछ काम किया गया, लेकिन पूरा नहीं हुआ। अब रविवार को रोड उखाड़कर चेक किया जाएगा और उसे ठीक किया जाएगा। छिकारा चौक पर वॉल टूट गई थी, जिस कारण पानी जमा हो गया था। उसे ठीक कर दिया गया है।
कर्मवीर, सुपरवाइजर, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, झज्जर