जिले के एक पेट्रोल पंप पर अनियमितताएं पाए जाने पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा ने बताया कि उपायुक्त श्याम लाल पूनिया के निर्देशों अनुसार सोमवार को निरीक्षक जेपी सैनी व सहायक सुनील कुमार ने जिले में पेट्रोल पंपों की चेकिंग की। उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान पांच पेट्रोल पंपों के सैंपल लिए जिनमें मै. गोपीराम पेट्रो मॉल जहाजगढ़ रोड बेरी, मै. जस्सू फीलिंग स्टेशन दुल्हेड़ा, मै. अखिल सर्विस स्टेशन नूना माजरा, मै. ओम फ्यूल स्टेशन नूना माजरा व मै. शहीद हरिओम सर्विस स्टेशन बहादुरगढ़ शामिल है। डीएफएससी ने बताया कि उक्त टीम की तरफ से सभी के सैंपल आवश्यक जांच के लिए लैब में भेज दिए गए है। चेकिंग के दौरान ही मै. गोपी राम पेट्रो मॉल जहाजगढ़ रोड बेरी की और से माप तौल में अनियमितता पाए जाने के कारण 20 हजार रुपये का जुर्माना किया गया व मौके पर ही संबंधित परिदान मशीन को पुन: कैलिबरेट करवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अब तक जितने सैंपल लिए गए है सभी को लैब में भेज दिया गया है।