बहादुरगढ़। शहर के बलजीत नगर में सीवर जाम होने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समाधान नहीं होने पर बलजीत नगर के निवासियों ने पार्षद जितेंद्र राठी के साथ एसडीएम परमजीत चहल को ज्ञापन सौंपा। समस्या के जल्द समाधान की मांग की। पार्षद जितेंद्र राठी ने एसडीएम के समक्ष बताया कि बलजीत नगर में पिछले लंबे समय से सीवर जाम होने के कारण ओवरफ्लो हो रहे हैं। गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। गलियों में गंदा पानी जमा होने के कारण यहां मच्छर पनप रहे हैं।
बार-बार मांग करने पर निजामपुर रोड से बलजीत नगर तक गली का निर्माण नहीं कराया जा रहा। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पार्षद जितेंद्र राठी ने कहा कि अमृत योजना दो के तहत नई सीवर लाइन बिछाने का केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। वार्डवासियों सुशील कौशिक, नरेंद्र कुमार, नवीन शर्मा, रणजीत, सुशील कुमार, सतपाल, नवीन, रामेहर, राजेश, अनीता, तारा देवी, निर्मला, इंद्रावती, कमला व ममता ने समाधान की मांग की।