झज्जर। डीसी शक्ति सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेशभर में लागू किए गए परिवार पहचान पत्र के माध्यम से जिला में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के तहत 12 हजार 306 वृद्धजनों की घर बैठे बैठाएं स्वत: ही बनी है।
वृद्धावस्था सहित अन्य पेंशन को परिवार पहचान पत्र से जोडऩे के बाद अब बुजुर्गों व अन्य लाभ पात्रों को राहत मिली है और उन्हें अब इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। अब आयु व आय के निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले बुजुर्गों की परिवार पहचान पत्र के माध्यम से अब वृद्धावस्था सम्मान पेंशन, दिव्यांगजनों की दिव्यांग पेंशन सहित कई प्रकार की पेंशन ऑटो मोड में बन रही है। जिला झज्जर में अब तक कुल 12 हजार 306 पात्र बुजुर्गों की पेंशन पीपीपी के माध्यम से बन चुकी है जबकि जिलाभर में कुल 76 हजार 686 बुजुर्गों को पेंशन का लाभ घर बैठे मिल रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा झज्जर जिला के बुजुर्गों को प्रतिमाह 3 हजार रुपये की राशि वृद्धावस्था सम्मान पेंशन के रूप में उनके खातों में भेजी जा रही हैं।