संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। प्रेरित चक्रवातीय सर्कुलेशन दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर बनने और अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी मिलने के कारण शुक्रवार को पूरा दिन बादलवाही छाई रही। रात होते-होते तेज बरसात भी शुरू हो गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार रात लगभग 8 बजकर 40 मिनट पर मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल की गड़गड़ाहट के साथ बरसात शुरू हो गई। देर रात तक रुक-रुककर बरसात होती रही। मौसम विभाग ने दो व तीन मार्च के दौरान तेज गति से हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां और गरज चमक के साथ सीमित स्थानों पर ओलावृष्टि देर रात से देखने को मिलने की उम्मीद है। दो मार्च को पूरे हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली के हिस्सों में तेज मेघगर्जन और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। कई जगह भारी बारिश व ओलावृष्टि तेज हवाओं के साथ देखी जाएगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने किसानों को सलाह दी है कि इस दौरान अपनी कटी फ़सलों का भंडारण या फसलों में पानी लगाने का काम मौसम गतिविधियों को ध्यान में रखकर करें। साथ ही साथ मंडी में अपनी कृषि फसलों को तिरपाल से ढककर रखें। किसी भी प्रकार का कैमिकल स्प्रे का इस्तेमाल न करें।