बहादुरगढ़। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जी-20 सम्मेलन की वजह से लगी पाबंदी के चलते हरियाणा राज्य परिवहन की सभी बसें दिल्ली कश्मीरी गेट बस अड्डे पर नहीं पहुंच सकी हालांकि कुछ जनपदों की डिपो की बसें वहां तक पहुंची। पूर्व जानकारी होने की वजह से लोगों से भी समझदारी दिखाई और दिल्ली का कार्यक्रम टाल दिया। इस कारण बसों में यात्री बहुत कम थे। बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन से बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली गए।
दरअसल, पीरागढ़ी तक तो सभी बसों को जाने की अनुमति दिल्ली पुलिस ने दी ही थी। पीरागढ़ी में तैनात दिल्ली पुलिस और बहादुरगढ़ पुलिस में वायरलेस व वॉकी टॉकी आदि संचार साधनों से लगातार संपर्क बना हुआ है। इसके जरिए पीरागढ़ी में तैनात पुलिस उस जिला की पुलिस से स्थिति के बारे में पूछती रही और स्थिति सही होने की सूचना मिलने पर सुबह के वक्त हरियाणा राज्य परिवहन की कुछ बसों को कश्मीरी गेट बस अड्डे तक भेज दिया। कुछ बसें पीरागढ़ी से अपने गंतव्य के लिए लौट गई। काफी बसें बहादुरगढ़ बस स्टैंड से मुड़ गईं। हरियाणा राज्य परिवहन बहादुरगढ़ के अड्डा अधीक्षक सतीश लुहास ने बताया कि पीछे से भी बहुत कम यात्री बसों में आ रहे हैं। आईएसबीटी कश्मीरी गेट और पीरागढ़ी तक भी बहुत कम बस यात्री सफर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संचार के साधनों से यात्रियों को 10 सितंबर तक दिल्ली में बंदिशें रहने की पहले ही जानकारी मिल गई। इसलिए बहुत लोगों ने दिल्ली के लिए नहीं निकलना ही उचित समझा।