बहादुरगढ़। दिल्ली और रोहतक जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना काल के दौरान से बंद पड़ीं पैसेंजर ट्रेनें 5 अप्रैल सोमवार से शुरू होंगी। चार ट्रेनें बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन से होकर दिल्ली और रोहतक की तरफ जाएंगी। कोरोना काल से पहले जहां यात्री 10 रुपये में दिल्ली और रोहतक तक की यात्रा करते थे। अब उन्हें इस दूरी को तय करने के लिए 30 रुपये देने होंगे। रेल पास बनवाए जाने की मांग को लेकर यात्रियों ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट भी किया है।
ये चलेंगी ट्रेनें
दिल्ली-जींद रूट पर 5 अप्रैल से शुरू होने वाली ट्रेनों में 54035 दिल्ली-जाखल सवारी गाड़ी, 64912 रोहतक-दिल्ली मेमू गाड़ी, 64931 दिल्ली-रोहतक मेमू गाड़ी व 74011 दिल्ली-रोहतक रूट पर चलेंगी। रेलवे की तरफ से किराये में भी बढ़ोतरी की गई है। पैसेंजर ट्रेनों की सेवाओं को अब शुरू कर दिया गया है।
बहादुरगढ़ से आसोदा जाने वाले यात्रियों को देना होगा 30 रुपये किराया
अगर आपको बहादुरगढ़ से आसौदा या घेवरा जाना होगा तो उसके लिए 10 रुपये की जगह 30 रुपये देने पड़ेंगे। बहादुरगढ़ से दिल्ली अपने काम-धंधों पर जाने वाले यात्री सतपाल हाडा, सुशील वत्स, घनश्याम दास, विकास कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से लगातार महंगाई बढ़ाई जा रही है। कोरोना काल के कारण लोगों की नौकरियां छूट गई हैं। वहीं सरकार ने रेल किराये में बढ़ोतरी करके आम आदमी पर आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। साथ ही रेलवे का पास न बनने से जेब पर और ज्यादा बोझ बढ़ेगा। दिल्ली जाने के लिए जहां महीने भर का पास 150 से 200 रुपये का बनता था। अब पास न बनने के कारण प्रतिदिन आने-जाने में 60 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। यात्रियों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि किराये को कम किया जाए।
व्यवस्थाएं की गई हैं पूरी : मीणा
रेलवे विभाग की ओर से 5 अप्रैल सोमवार से चार ट्रेनें चलाए जाने की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। इनके अलावा आसोदा, रोहद नगर रेलवे स्टेशन पर भी व्यवस्था हो गई है।
- यशपाल मीणा, रेलवे स्टेशन अधीक्षक, बहादुरगढ़।