पंचायत चुनाव में सुप्रीम कोर्ट का फैसला सरकार के पक्ष में आने के बाद प्रदेश में अब कभी भी पंचायत चुनाव का एलान संभव है। ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा कि संभव है कि कल पंचायत चुनाव का एलान हो जाए, उससे पहले ही वे 2.65 करोड़ की दो संपर्क सड़कों का शिलान्यास कर रहे हैं, ताकि चुनाव आचार संहिता का असर इन पर न पड़े।
मंत्री धनखड़ से बाद में इस बारे में बातचीत की गई तो बोले कि पंचायत चुनाव का एलान तो होना ही है, संभावना है कि अगले एक दो दिन में चुनाव कार्यक्रम घोषित हो जाए। सरकार चुनाव के लिए तैयार है। चुनाव का शेड्यूल चुनाव आयोग को घोषित करना है। बता दें कि चुनाव आयोग की ओर से सितंबर महीने में पंचायत चुनाव का जो शेडयूल घोषित किया था, उस पर सरकार की शिक्षित होने व अन्य शर्तों पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने रेेक लगा दी थी। अब फैसला सरकार के पक्ष में आ चुका है। लोगों की नजरें अब चुनाव की तारीखों के निर्धारण पर टिकी हैं। गांव ढ़ाकला व फतेहपुर में दो सड़कों के शिलान्यास के मौके पर मंत्री धनखड़ के इस बयान के बाद चुनावी माहौल में गर्मी आ गई कि हो सकता हे कल चुनाव का एलान हो जाए। उनका बयान कुछ देर में ही सोशल मीडिया पर जारी हो गया। हालांकि बाद में मंत्री ने इसे केवल संभावना बताया।
बोले मंत्री
पंचायत चुनाव के ऐलान के बारे में मैंने सिर्फ संभावना व्यक्त की है। मेरा मकसद ग्रामीणों को इतना बताना था कि चुनाव आचार संहिता से पहले ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है, अब कोई अड़चन नहीं आने वाली। चुनाव की तारीखों का एलान चुनाव आयोग को करना है। उनको लगता है कि यह कभी भी संभव है।
-ओमप्रकाश धनखड़, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री