बादली। दो समुदायों के बीच विवाद के मामले में चर्चित रहे बुपनियां गांव में शुक्रवार को पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। पंचायत में पुलिस प्रबंध भी मुस्तैद रहा।
डीएसपी राहुल देव ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया। वहीं दूसरी ओर मंदिर व मजार प्रांगण में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके।
विज्ञापन
पंचायत की अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि आजाद सिंह ने की। पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि धर्म के खिलाफ लोगों को भड़काने वालों को पुलिस के हवाले किया जाएगा और निर्दोष लोगों को भी बचाने का प्रयास ग्रामीण अपने स्तर पर करेंगे। पुलिस ने गांव के तीन लोगों पर मजार को क्षतिग्रस्त करने का मामला दर्ज किया है। ऐसे में ग्रामीणों ने पुलिस से सही जांच करने की मांग की और कहा कि किसी भी सूरत में निर्दोष लोगों पर मुकद्दमा दर्ज नहीं किया जाए।
डीएसपी राहुल देव ने कहा कि निर्दोष लोगों पर मामला दर्ज नहीं किया जाएगा और पूरी जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस जांच में सहयोग की अपील की और आश्वासन दिया कि किसी निर्दोष को पकड़ा नहीं जाएगा। दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। पंचायत में काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।