बहादुरगढ़। रोजगार के सिलसिले में हिमाचल से यहां आए एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला है। युवक के आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करीब 33 वर्षीय तिलकराज के रूप में हुई है। तिलकराज मूल रूप से हिमाचल के कुल्लू जिले का रहने वाला था। पिछले करीब छह साल पहले रोजगार के सिलसिले में यहां आया था। फिलहाल यहां सदर थाने के सामने दयानंद नगर में रह रहा था। एचएसआईआईडीसी स्थित एक टायर कंपनी में काम करता था। बताते हैं कि कमरे में तिलकराज के साथ रहने वाला उसका साथी सुमित वीरवार को गुरुग्राम गया था। सुमित ने गुरुग्राम से तिलकराज के पास कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार प्रयास के बाद भी जब संपर्क नहीं हुआ तो सुमित ने मकान मालिक को कॉल की। मालिक शुक्रवार की दोपहर को कमरे पर गया तो दरवाजा बंद था। कमरे की भीतर से कुंडी बंद थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देखा तो तिलकराज अंदर पंखे के हुक से फंदा लगाया हुआ था। उसकी सांसें थम चुकी थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गुरुग्राम में रह रही तिलक की बहन को मौके पर बुलाया गया।
परिचितों के बयान के बाद शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया और पोस्टमार्टम कराने के लिए आगे की कार्रवाई शुरू की। बताया गया है कि तिलकराज ने कंपनी से छुट्टी ले रखी थी। उसे होली पर अपने गांव जाना था। वह दो बच्चों का पिता था। सिटी पुलिस का कहना है कि दयानंद नगर में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। मामले में जांच चल रही है।