फोटो नंबर 71: सारंगदेव मंदिर के निर्माण को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते सरपंच आनंद गुलिया।
बादली। प्राचीन दादा सारंगदेव मंदिर के पुनर्निर्माण पर रविवार को गुलिया 24 गांवों की पंचायत हुई। पंचायत में सर्वसम्मति से आगामी 20 सितंबर को मंदिर की नई नींव रखने का फैसला लिया गया। इस निर्माण पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसके लिए नक्शा तैयार हो रहा है।
पंचायत की अध्यक्षता बादली के सरपंच आनंद गुलिया और दादा सारंगदेव मंदिर समिति के प्रधान ओमप्रकाश ने की। गुलिया 24 खाप के विभिन्न गांवों के प्रतिनिधि और सरपंच इसमें मौजूद रहे। सभी ने मंदिर के पुनर्निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दादा सारंगदेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर का वर्तमान स्वरूप काफी पुराना हो चुका है, इसलिए सामूहिक पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया। पुराने भवन को विधि-विधान के साथ खंडित करने का कार्य पूरा हो चुका है।
पंचायत में तय हुआ कि 20 सितंबर से पहले खाप के हर गांव में समिति बनेगी। इन समितियों के माध्यम से ग्रामीणों से मंदिर निर्माण के लिए सहयोग लिया जाएगा। नया मंदिर पूरी तरह से सामूहिक सहयोग से बनाया जाएगा। मौजूद प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में तन-मन-धन से सहयोग का भरोसा दिलाया।