झज्जर। हरियाणा सुपर 100 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए लेवल-एक प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुधवार को किया गया। यह परीक्षा सभी सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। जिला स्तर पर 1486 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में रजिस्ट्रेशन किया। इसके लिए जिले भर में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
जिले में 972 विद्यार्थियों ने लेवल-एक परीक्षा दी। परीक्षा का स्वरूप ऑब्जेक्टिव आधारित रहा। इसमें कुल 50 बहु विकल्पीय प्रश्न पूछे गए और परीक्षा का कुल अंक भार 200 अंक निर्धारित था। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग थी।
परीक्षा में गणित विषय से संबंधित प्रश्न सम्मिलित थे। परीक्षा का आयोजन दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक किया गया। कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी जसवीर दलाल ने बताया कि लेवल-एक परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को लेवल-2 के लिए चयनित किया जाएगा।
लेवल-एक परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को लेवल- 2 के लिए हरियाणा सुपर 100 कैंपस कुरुक्षेत्र में आमंत्रित किया जाएगा। लेवल-2 के अंतर्गत विद्यार्थियों को विशेष रेजिडेंशियल अकादमिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के पश्चात चयनित विद्यार्थियों को निशुल्क जेईई एवं एनईईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की उच्च स्तरीय तैयारी कराई जाएगी।
परीक्षा केंद्र अनुसार विद्यार्थियों की जानकारी
परीक्षा केंद्र कुल विद्यार्थी उपस्थित अनुपस्थित
राजकीय माॅडल स्कूल बहादुरगढ़ 321 161 160
पीएम श्रीराजकीय कन्या स्कूल बहादुरगढ़ 357 248 109
राजकीय स्कूल बेरी 190 131 59
राजकीय कन्या स्कूल झज्जर 270 193 77
राजकीय स्कूल मातनहेल 248 173 75
राजकीय स्कूल तुंबाहेड़ी 100 66 34