झज्जर। भापदौड़ा में खेल अकादमी बनाने के लिए चार एकड़ जमीन को बजरंग पूनिया को देने का विरोध शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने लघु सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन देकर इसकी जानकारी दी है।
भापड़ौदा गांव के ग्रामीण बुधवार को उपायुक्त शक्ति सिंह से मिलने के लिए पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त को दिए ज्ञापन में कहा है कि ग्राम पंचायत भापड़ौदा की तरफ से गांव की चार एकड़ उपजाऊ पंचायती भूमि खेल अकादमी के लिए पहलवान बजरंग पूनिया को देना चाहती है। जिसका विरोध गांव में किया जा रहा है। ग्रमीणों ने कहा कि यह जमीन बजरंग पूनिया के स्थान पर गांव के खिलाड़ियों को दी जानी चाहिए। नरेंद्र राठी उर्फ बब्ला प्रधान, कर्मजीत राठी, अंकुर राठी, सुदीप राठी, जितेंद्र राठी, कर्म सिंह व रविंद्र राठी ने कहा कि गांव में अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान हैं। सबसे पहले खेल अकादमी के लिए उन्हें प्राथमिकता देनी चाहिए। अगर वे अकादमी नहीं खोलना चाहते हैं तो उसके बाद दूसरे खिलाड़ी को जमीन देने की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए विरोध में नहीं है लेकिन गांव में पहले से ही खेल स्टेडियम है। उसमें सुधार करके खेल सुविधाएं बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव में दो अर्जुन अवॉर्डी खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जब जमीन की बोली हुई तो उस समय 4 एकड़ पंचायती भूमि की बोली नहीं की गई। जब उन्हें पता चला कि गांव में पहलवान बजरंग पूनिया को यह जमीन दी जानी है। अगर इसे सरकार से मंजूरी नहीं मिली है तो इस पंचायती भूमि की बोली करवाई जाए। उपायुक्त से मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया है।