झज्जर। विपक्षी दल राजस्थान व पंजाब में जाकर आंदोलन क्यों नहीं करते। किसानों को हरियाणा की तुलना में काफी कम दाम मिल रहे हैं। विपक्ष को किसान हितों से कोई सरोकार नहीं है। उक्त बातें प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने जिला स्तरीय भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि विपक्ष ने पहले प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में तरह-तरह से भ्रम फैलाया। किसान समझदार और काफी जागरूक हैं। किसानों ने योजना को समझा और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को अपनाया। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानून भी किसानों का जीवन स्तर सुधारने और आमदनी बढ़ाने के लिए हैं। किसानों को आर्थिक आजादी देने के लिए हैं। यह बात देश भर के किसान समझ चुके हैं। केवल समस्या यहीं है कि विपक्ष को मोदी-मनोहर सरकार के किसान हितैषी कार्य रास नहीं आ रहे हैं।
हमारा काम है जनता की भलाई के लिए कार्य करना : सांसद
रोहतक लोकसभा के सांसद डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। जिसे विरोध करना है, करे। हमारा काम जनता की भलाई के लिए कार्य करना है। बैठक में सभी विषयों पर चर्चा हुई है। कोरोना की पहली व दूसरी लहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा की है। तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए भी चर्चा की गई।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला प्रभारी महेश चौहान, जिला अध्यक्ष विक्रम कादियान, पूर्व विधायक नरेश कौशिक, प्रदेश प्रवक्ता डॉ राकेश कुमार सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।