बादली। फूलों की खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मुनीमपुर स्थित पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केंद्र किसानों को जागरूक कर रहा है। केंद्र की ओर से गेंदा की खेती करने वाले किसानों को रजनीगंधा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नवंबर में फूलों की खेती का नया सीजन शुरू होता है।
ऐसे में किसान गेंदा की जगह उसी जमीन पर रजनीगंधा की खेती करके अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। जिले के फतेहपुर, रायपुर, सुलोधा और मातनहेल गांवों में सबसे अधिक गेंदा की खेती होती है। केंद्र ने इन गांवों में विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है।
वर्तमान में दिल्ली और गुरुग्राम की फूल मंडियों में रजनीगंधा की मांग बढ़ रही है। शादी-समारोह, पूजा और सजावट में इसकी अधिक खपत होने से किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।
लागत कम
रजनीगंधा की पौध तैयार करने की लागत भी कम है। लगभग एक रुपये में एक पौध तैयार हो जाती है। तीसरे साल के बाद यही पौध बीज के रूप में किसान को अतिरिक्त आय भी दे सकती है। कम लागत और बेहतर उत्पादन के कारण यह फसल छोटे और सीमांत किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
बचत ज्यादा
आंकड़ों के अनुसार गेंदा की खेती से किसान को प्रति फसल करीब 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की बचत होती है, जबकि रजनीगंधा से सालाना 80 हजार रुपये प्रति एकड़ शुद्ध बचत हो सकती है। इस तरह तीन साल में किसान प्रति एकड़ दो से ढाई लाख रुपये तक कमा सकता है।
नवंबर के अंतिम सप्ताह में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
केंद्र की ओर से नवंबर के अंतिम सप्ताह में किसानों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें बागवानी विभाग के वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ फूलों की उन्नत खेती, रोग प्रबंधन, विपणन और सब्सिडी योजनाओं की जानकारी देंगे।
रजनीगंधा की सबसे बड़ी खासियत इसकी उत्पादन अवधि है। गेंदा की फसल एक बार में पूरी हो जाती है और किसान को अगली फसल के लिए दोबारा बीज, पौध और खेत की तैयारी पर खर्च करना पड़ता है। रजनीगंधा की पौध एक बार लगाने के बाद लगातार तीन साल तक उत्पादन देती है।
डॉ. सुरेश चंद, वैज्ञानिक उत्कृष्टता केंद्र
-
फोटो 73: बागवानी में तैयार पौध दिखाते डॉक्टर सुरेश चंद। (संवाद)
फोटो 72: रजनीगंधा फूल।
फोटो 73: बागवानी में तैयार पौध दिखाते डॉक्टर सुरेश चंद। (संवाद)