अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई तो स्कूटी सवार दो महिलाएं घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
बुधवार देर रात अपनी दुकान बढ़ाकर घर जा रहे एक साइकिल सवार व्यक्ति को ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना थाना शहर पुलिस को दी गई।
जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच करते हुए शव की शिनाख्त की। इस सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठा फरार हो गया।
बसंत विहार निवासी पूर्णचंद (54) झज्जर रोड पर कोर्ट कट के नजदीक चाय की दुकान चलाता था। बुधवार की देर रात जब वह अपनी दुकान बढ़ाकर साइकिल पर सवार होकर घर की ओर लौट रहा था तो डाकखाने के नजदीक पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे वह सड़क पर गिर गया। ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी हवलदार प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के रिश्तेदार गिरीश के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम शहर के सामान्य अस्पताल में करवाकर परिजनाें को सौंप दिया गया। दूसरी ओर थाना सदर के अंतर्गत एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी पर सवार रोशनी व उसकी बेटी घायल हो गई।
राहगीरों की मदद से उन्हें ट्रॉमा सेंटर में लाया गया। बताया गया है कि मां-बेटी रोहतक की तरफ से बहादुरगढ़ की ओर आ रही थी। पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें वे सड़क पर गिर गई।