बहादुरगढ़ में हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-6 बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने चाकू मार कर एक शख्स की हत्या करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रबंधक सेक्टर-6 बहादुरगढ़ उप-निरीक्षक पवन वीर ने बताया की अभिमन्यु निवासी झज्जर रोड छोटू राम पार्क बहादुरगढ़ ने शिकायत देते हुए बताया कि 6 मई की रात को मेरा भाई मनोज खून से लथपथ होकर घर आया और कहने लगा कि सागर ने आकर हमारे साथ लड़ाई-झगड़ा किया और साहिल को चाकू मारे हैं, जो सब्जी मंडी में गिरा हुआ है।
इसके बाद हम दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में ले गए, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया जहां साहिल को मृत घोषित कर दिया। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा द्वारा उपरोक्त मामले में आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे।
पुलिस टीम ने उपरोक्त मामले के आरोपी सागर निवासी छोटू राम पार्क सेक्टर-6 बहादुरगढ़ को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बहादुरगढ़ कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेशानुसार आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।