संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। सेक्टर-9 बाईपास सर्विस रोड पर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर नशीली कफ सिरप की तस्करी का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के ऑटो से 10 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। एचएसएनसीबी यूनिट रोहतक की टीम को सूचना मिली थी कि भगत सिंह कॉलोनी निवासी राजेश शर्मा उर्फ राजू नशीली कफ सिरप लेकर जा रहा है। वह सेक्टर-9 बाईपास से न्यू बस स्टैंड की तरफ जाने वाला था।
सूचना के बाद टीम ने सेक्टर-9 बाईपास सर्विस रोड पर आरके फिलिंग स्टेशन के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए नंबर का हरे-पीले रंग का ऑटो दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो रुकवाकर चालक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम राजेश शर्मा उर्फ राजू बताया। तलाशी से पहले उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
मौके पर आरोपी और ऑटो की तलाशी ली गई। ऑटो की चालक सीट के नीचे बने टूल बॉक्स में एक लिफाफे से 10 शीशियां मिलीं। कोडीन युक्त कफ सिरप का विवरण अंकित था। पुलिस ने सिरप, ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी को कब्जे में ले लिया। वहीं रोहतक यूनिट के प्रभारी उमेश कुमार का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।