झज्जर। ग्वालीशन गांव के पास शनिवार की शाम युवक सुमित की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी ने लेनदेन के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के दौरान गोली मारकर हत्या करने की बात कबूली।
सीआईए झज्जर के प्रभारी निरीक्षक सुंदर पाल ने बताया कि एसपी वसीम अकरम ने मामले की गहनता से जांच करने व वांछित आरोपियों को शीघ्रता से गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। सीआईए झज्जर में तैनात सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार की टीम ने इस मामले में एक आरोपी को काबू किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि पुलिस चौकी छूछकवास के अंतर्गत गांव ग्वालीशन क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया है। मामले में हरदीप निवासी पैतावास जिला चरखी दादरी ने शिकायत देते हुए बताया कि उसकी बुआ का लड़का सुमित निवासी गांव मोखरा जिला रोहतक बचपन से ही उनके पास रह रहा था। सुमित को ओमवीर उर्फ बंटी व अन्य से रुपये लेने थे। उसने उनसे फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि ग्वालीशन से छूछकवास की तरफ एक होटल के पास मिलेंगे तुम वहां आ जाना। जब वे अपनी गाड़ी लेकर वहां पहुंचे तो वहां पर बंटी व अन्य मिले। वहां जाकर सुमित ने कहा कि पैसे कब दोगे। उन्होंने कहा कि चलो बंटी के घर पर जाकर बातचीत करते हैं।
जब गाड़ी लेकर वहां से चले तो गाड़ी के अंदर बंटी ने पिस्तौल निकालकर उसके भाई सुमित की कनपटी पर गोली मार दी और अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर मौके से फरार हो गया। शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना बेरी में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान ओमवीर उर्फ बंटी निवासी गांव मारोत जिला झज्जर के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में हत्या के उपरोक्त मामले का खुलासा किया।