संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। सावन शुरू होने के साथ ही इस पवित्र माह के पहले सोमवार पर शहर के मंदिरों में भीड़ उमड़ी। इस बार 19 साल बाद सावन में चार नहीं, बल्कि आठ सोमवार पड़ रहे हैं। इसकी वजह से श्रद्धालुओं में भी काफी उत्साह है। यही वजह है कि मंदिरों को भी सावन के पहले सोमवार को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भोले बाबा की पूजा अर्चना की गई।
शहर के काठ मंडी स्थित शिव-हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित शियाराम ने बताया कि सावन के सभी सोमवार को भगवान महादेव और मां पार्वती का विशेष शृंगार किया जाएगा। सोमवार के पहले दिन काफी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष श्रद्धालु भोले बाबा की पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। सावन महीने के दौरान मंदिर में भक्तों की भीड़ इसी तरह रहेगी।
बेलपत्र की कीमत 120 रुपये प्रति किलो, फूल भी हुए महंगे
बहादुरगढ़ में लाल चौक पर फूलों का व्यापार करने वाले अशोक कुमार ने बताया कि भारी बारिश के बीच बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल की बिक्री शुरू हो गई है। सावन के पहले सोमवार को काफी संख्या में लोग फूल व बेलपत्र लेने के लिए पहुंचे। उनके अनुसार, बेलपत्र 120 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। इसके साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूल भी महंगे हो गए हैं। गुलाब का फूल 150 रुपये प्रति किलो, गेंदा का फूल 120 रुपये प्रति किलो, गुलदाऊदी 250 रुपये प्रति किलो और मोतिया फूल 300 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। फूलों के दाम बढ़ने के पीछे बारिश का होना बताया जा रहा है। अशोक ने बताया कि 15 साल बाद इतने महंगे दाम पर गेंदा बिका है। वहीं धतूरा 15 रुपये प्रति पीस बिक रहा है।