-कोई भोले की शर्ट तो कोई रुद्राक्ष माला है पहने, भगवान शिव की फोटो छपी टी-शर्ट भा रही है भक्तों को अधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। सावन के महीने में शहर के युवा बाबा भोलेनाथ पर अपने तरीके से प्यार जता रहे हैं। कोई भोले की टी-शर्ट तो कोई रुद्राक्ष की माला पहने हुए है। बाजार में गेरुआ रंग व भोलेनाथ की फोटो छपी टी-शर्ट, कुर्तों की मांग 60-70 प्रतिशत बढ़ गई है। सावन के पहले सोमवार पर बाजार में भोलेनाथ का ब्रेसलेट व कड़ा लेने वालों की भी मांग 40 प्रतिशत तक बढ़ी है।
रेलवे रोड के दुकानदार पवन कुमार ने बताया कि पूजा अर्चना की सामग्री के अलावा भोलेनाथ की टी-शर्ट, कुर्ते, रुद्राक्ष माला, ब्रेसलेट व कड़ा भी खूब बिक रहा है। टी-शर्ट पर भोलेनाथ की फोटो, डमरू और त्रिशूल छपा है। इसे सिर्फ कांवड़िये ही नहीं, बल्कि भोले के बाकी भक्त भी खरीद रहे हैं। रेलवे रोड के अलावा नाहरा-नाहरी, मेन बाजार, झज्जर रोड पर भी भोले की फोटो छपी टी-शर्ट व कुर्ते खूब बिक रहे हैं। मंदिरों में पूजा करने के लिए पहुंचने वाले लोग बाबा के रंग में रंगी टी-शर्ट और कुर्ता पहन रहे हैं। बाजार में गेरुआ रंग में रंगे कपड़े छाए हुए हैं। युवाओं में इनका क्रेज ज्यादा है। कांवड़ लेने के लिए जाने वाला हर भक्त इन टी-शर्ट को पहने हुए है। टी-शर्ट भी अलग-अलग नामों से बाजार में छाई हैं। इनमें टी-शर्ट पर ऊँ नम: शिवाय, केदारनाथ, महाकाल, जय हिंदुत्व लिखा है।
सोशल मीडिया पर सेल्फी कर रहे पोस्ट
बाबा भोले के युवा भक्त सोशल मीडिया पर भी अपना प्यार लुटा रहे हैं। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर स्टोर लगाकर भोले के प्रति अपना प्यार जता रहे हैं तो कोई भस्म लगाकर अपनी सेल्फी पोस्ट कर रहा है। सावन के पूरे महीने युवा भोले की भक्ति से सराबोर नजर आते हैं। भक्तों का कहना है कि देवों के देव हमारे महादेव हैं। सावन महीने में ही नहीं, हम पर पूरे वर्ष उनकी कृपा रहती है।