झज्जर। लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में एडीसी जगनिवास ने आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि ये शिविर जिला प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के प्रति सरकार बेहद गंभीर है। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निवारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शिविर में एक ही शिकायत बार-बार आती है तो संबंधित विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। एडीसी जगनिवास ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि समस्याओं का समाधान न केवल समय पर हो, बल्कि प्रभावी और संतोषजनक भी हो।
समाधान शिविर में पानी, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, सड़क, परिवार पहचान पत्र, आवास सहित अन्य समस्याएं प्राप्त हुईं। कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को तय समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।