बादली। तहसील में कामकाज बाधित हो गए हैं। कई दिनों से अधिकारी तहसील कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। कर्मचारियों की ओर से बताया जा रहा है कि अधिकारी चुनावी तैयारियों में लगे हैं, इसके चलते कामकाज रुका है। लोगों को शपथ पत्र बनवाने सहित कई अन्य कार्यों के लिए तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। छात्र भी अपने कागजात और कार्य करवाने के बाद कई दिनों से कार्यालय पहुंच रहे हैं जबकि तहसीलदार और पटवारी कार्यालय में नहीं पहुंच रहे हैं। कभी ट्रेनिंग की बात की जाती है तो कभी चुनावी तैयारियों का हवाला देकर लोगों को वापिस भेज दिया जाता है। तहसील में पहुंची सीमा, निधी और हरपाल ने बताया कि वह जाति प्रमाण पत्र और जमीन संबंधी काम के लिए एक सप्ताह से कार्यालय आ रहे हैं, लेकिन कर्मचारी कार्यालय में अधिकारी न होने की बात कहकर वापिस भेज देते हैं। कई बार बार पूरा दिन इंतजार करने के बाद भी अधिकारी कार्यालय में नहीं पहुंचते हैं। वहीं तहसीलदार शिखा का कहना है कि चुनावी ड्यूटी में व्यस्त होने के चलते पटवारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। हालांकि लोगों के काम को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन चुनाव के बाद ही काम सही तरीके से हो सकेगा। ऐसे में लोगों को प्रशासनिक सहयोग करना होगा।