बहादुरगढ़। दिल्ली मेट्रो में अश्लील हरकतें करने वाले युवा या अन्य किसी भी यात्री को अब बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए अब दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन का उड़नदस्ता पैनी नजर रखेगा। डीएमआरसी ने यात्रियों से शाालीनता के साथ यात्रा करने की अपील की है।
दरअसल कुछ दिन पूर्व मेट्रो ट्रेन में अश्लील हरकत करने की वीडियो वायरल हुई थी। डीएमआरसी ने इसे गंभीरता से लिया है। वीडियो के आधार पर आरोपी युवक-युवती के खिलाफ थाने में केस दर्ज हो चुका है। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने यात्रियों से अपील की है कि मेट्रो ट्रेन में या स्टेशन परिसर में कोई अश्लील हरकत करता हुआ या गंदगी फैलाता हुआ नजर आए तो हेल्पलाइन पर फोन करके सूचित करें। दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए डीएमआरसी ने उड़नदस्तों की संख्या बढ़ाने और चेकिंग बढ़ाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि मेट्रो में हर रोज लाखों लोग यात्रा करते हैं। ऐसी हालत में सभी लोगों पर निगाह रखना संभव नहीं है। अगर हर यात्री अपनी जिम्मेदारी समझें और डीएमआरसी को सहयोग करे तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सकता है। मेट्रो में लगे आपातकाल के बटन को दबाकर मेट्रो ट्रेन ऑपरेटर (चालक) को भी इस बारे में बताया जा सकता है। हाल ही में एक मेट्रो में एक युवक व युवती द्वारा अश्लील हरकत करने की वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। उस मामले में इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा थाना पुलिस मामला दर्ज कर चुकी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। दैनिक यात्री हरीश कुमार ने कहा कि कई गलत लोग तो ऐसी हरकत करते हैं कि मेट्रो में सफर करना भी मुश्किल हो जाता है। जयभगवान व सतीश कुमार ने कहा कि मेट्रो में अश्लीलता फैलाने वालों के साथ डीएमआरसी को सख्ती से निपटना चाहिए।
-