झज्जर/बहादुरगढ़। जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन व तकनीकी स्टॉफ की संयुक्त टीमों का गठन कर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग जिले के विभिन्न गांव में जल संरक्षण मुहिम के तहत अवैध पेयजल कनेक्शन व इंसेंट्री कनेक्शन काट रहा है।
अभियान के तहत वीरवार को जिले के गांव सुबाना में 65, साल्हावास में 15, सुरहेती में 10, ढाकला में 8, नीलाहेड़ी में 15, मारोत में 18, नंगला में 16, गीजड़ोद में 7, खेड़ी खुम्मार में 31, छोछी में 35, जेतपुर में 2, भटेडा में 18, दादनपुर में 10, किल्डोद में 11, मेहंदीपुर में 37 वहीं सिलोठी में 60, पाहसोर में 12, माजरी में 9, लाडपुर में तीन उपभोक्ताओं को नोटिस बांट कर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सबसे पहले उन अवैध पेयजल कनेक्शन धारकों को नोटिस जारी किए गए।
अधीक्षक अभियंता अमित श्योकंद व नोडल ऑफिसर अश्वनी सांगवान ने ग्रामीण पेयजल उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की बर्बादी न करें और पेयजल की बर्बादी का कारण बन रहें अवैध पेयजल कनेक्शन व इंसेंट्री कनेक्शन हटाने में विभाग का सहयोग करें ताकि प्रत्येक ग्रामीण को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हों सके।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला आईईसी कंसलटेंट श्याम अहलावत ने कहा कि दैनिक जीवन में रोजमर्रा के कार्यों में होने वाले पेयजल के प्रयोग को व्यवस्थित ढंग से पूर्ण किया जाए तो बड़े पैमाने पर पेयजल की बर्बादी को रोककर जल संरक्षण किया जा सकता है। अहलावत ने बताया कि नल पर टूटी लगाकर, नहाते समय शावर या खुले नल की बजाय मग और बाल्टी का प्रयोग करें।