फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दम नहीं दवा के भरोसे भर्ती दाखिला

Thu, 30 Oct 2014 12:56 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर बहादुरगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय सेना के रोहतक स्थित भर्ती कार्यालय की ओर से आयोजित खुली भर्ती में पहले दिन पानीपत के युवाओं को मौका मिला।
विज्ञापन


भर्ती के लिए युवाओं में बेहद जोश दिखाई दिया। हजारों की संख्या में युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। दौड़ के दौरान कई धावकों की तबियत भी बिगड़ी, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद ही सभी सामान्य हो गए।

पुलिस लाइन में आयोजित सेना की भर्ती में हिस्सा लेने के लिए युवाओं के पहुंचने का सिलसिला मंगलवार शाम से ही शुरू हो गया था।

कुछ युवा धर्मशाला और बस स्टैंड पर सोये तो कई युवाओं ने पुलिस लाइन के पास ही डेरा डाल लिया। रात भर चहल-पहल बनी रही।

सुबह जब भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई तो युवाओं का उत्साह देखने लायक था। हजारों की संख्या में युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

कुछ युवा जहां दौड़ में सफल रहे, वहीं कुछ के हाथ मायूसी लगी। भर्ती प्रक्रिया देर शाम तक चली। इस दौरान कुछ धावकों की तबियत भी बिगड़ी।

किसी के पेट में दर्द हुआ, तो कोई हांफता हुआ गिर पड़ा। कोई भी युवक ज्यादा सीरियस नहीं था। उन्हें तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

आपातकालीन स्थिति के लिए पुलिस लाइन में एंबुलेंस भी तैनात की गई थी, लेकिन एक भी युवक की हालत इस कद्र नहीं बिगड़ी कि उसे सिविल अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को झज्जर जिले के युवाओं को मौका दिया जाएगा। ऐसे में आज युवाओं की संख्या और भी ज्यादा होने की संभावना है।

सेना और प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम
भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल राजन बख्शी ने बताया कि भर्ती को लेकर सेना और स्थानीय प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

भर्ती के दूसरे दिन 30 अक्तूबर को झज्जर जिले के युवाओं को मौका दिया जाएगा। सैनिक (जीडी) के लिए हो रही भर्ती में 31 अक्तूबर को सोनीपत और एक नवंबर को रोहतक जिले के युवाओं के लिए भर्ती कार्यक्रम रहेगा।

इसी प्रकार सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर तकनीक के लिए भर्ती में दो नवंबर को सोनीपत, तीन नवंबर को झज्जर, चार नवंबर को रोहतक, पांच नवंबर को पानीपत जिले के युवा भाग ले सकते हैं।

पांच नवंबर को ही रक्षा सेवा कोर के लिए हिमाचल प्रदेश, हरियाणा (पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव, मेवात को छोड़कर) और चंडीगढ़ (यूटी) के निवासी भूतपूर्व सैनिक, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन एआरओ कार्यालय में नाम दर्ज करा रखा हो, भर्ती में भागीदारी कर सकेंगे।
ताकतवर्धक इंजेक्शन लगाकर दौडे़ कई धावक
सेना में भर्ती होने के लिए कई युवाओं ने ताकतवर्धक इंजेक्शन का सहारा लिया। पुलिस लाइन के आसपास ताकतवर्धक  इंजेक्शन के अलावा ताकतवर्धक दवाओं के रेफर भी पड़े मिले।

पुलिस लाइन के बिल्कुल सामने सिप्ला की वल्गान नाम की दवा का रेफर पड़ा था। सिविल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु ने बताया कि यह दवा स्टेमिना बढ़ाती है और शरीर को थकने नहीं देती है। युवा भर्तियों में इस दवा का सेवन आमतौर पर करते हैं।
आर्मी ज्वाइन करके करेंगे देश सेवा
भर्ती के दौरान फिजिकल टेस्ट में फेल होने वाले युवाओं के चेहरों पर जहां मायूसी थी, वहीं टेस्ट पास करने वाले युवाओं के चेहरे पर संतुष्टि और अभिमान का भाव था।

टेस्ट पास करने वाले सभी युवाओं का यही कहना था कि वे देश की सेवा के लिए सेना में भर्ती होना चाहते हैं।

गवारड़ा गांव निवासी रविंद्र ने कहा कि आर्मी में भर्ती होेकर वह देश की सेवा करेगा। वह चाहता है देश की सीमा पर पहरेदारी कर देश की सुरक्षा करे।

बचपन से ही वह सेना में भर्ती होना चाहता था। वह इसके लिए जीतोड़ मेहनत कर रहा है। पानीपत निवासी नरेंद्र ने कहा कि वह जब भी किसी फौजी को देखता है, तो एक अलग सा जुनून मन में आ जाता है।

वह फौजी बनकर कुछ कर गुजरना चाहता है। नरेंद्र ने कहा कि वह देश की सेवा कर देशभक्त कहलाना चाहता है। उगरा खेड़ी निवासी ईशू ने कहा कि वह सेना में भर्ती होकर सीमा पर पोस्टिंग चाहता है। जब वह सीमा पर तैनात होगा, तो सीमापार से घुसपैठ नहीं होने देगा।
विज्ञापन


सौंधापुर निवासी अमित ने कहा कि देश की सेवा करने के लिए सेना से बढ़िया माध्यम कोई नहीं है। हमारे देश में फौजियों को सम्मान के साथ देखा जाता है। मैं चाहता हूं कि मुझे भी वो सम्मान मिले। लोग मुझे भी देशभक्त कहें।



और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें