झज्जर। मंगलवार से शुरू होने वाली पहली से कक्षा के सावधिक आकलन-2 की परीक्षा निपुण हरियाणा टीचर एप पर नहीं हो सकी। पहले ही दिन एप क्रेश हो गया। सर्वर डाउन होने की वजह से ऐप नहीं चल सका। इसके चलते ऐप पर पेपर तो आ गए, लेकिन एप आगे नहीं चला। इसके चलते सभी पेपरों की पीडीएफ बनाकर सभी एफएलएन (फाउंडेशनल लिटेरेसी एंड न्यूमीरेसी) संयोजकों को मोबाइल पर भेजे गए। एफएलएन संयोजकों ने आगे सभी शिक्षकों को पेपर भेजे, तब जाकर विद्यार्थियों की परीक्षा ली गई। ऐसे में परीक्षा लेट हुई।
मौलिक शिक्षा निदेशालय द्वारा मंगलवार से पहली से तीसरी कक्षा के बच्चों की हिंदी, अंग्रेजी और गणित का सावधिक आकलन-2 परीक्षा लेनी थी। इसके लिए हरियाणा निपुण टीचर एप को अपडेट किया गया था। पहली बार एप के जरिये परीक्षा ली जानी थी। इसके लिए पिछले दिनों विभाग की तरफ से गाइडलाइन भी जारी की थी। मंगलवार को जैसे ही परीक्षा लेनी शुरू की गई और शिक्षकों ने एप खोलना शुरू किया तो वह क्रेश हो गया। सर्वर डाउन होने के चलते एप ने काम करना बंद कर दिया। एप को खोलने पर बार-बार केवल रिक्वेस्ट फेल्ड लिखा आ रहा था। इसके चलते शिक्षकों को परेशानी हुई। शिक्षकों ने जिला संयोजक और जिला संयोजक ने मुख्यालय से संपर्क किया। तब जाकर फैसला किया गया तो सभी पेपरों की पीडीएफ बनाकर भेजी जाएगी। मुख्यालय की तरफ से सभी जिला एफएनएल संयेजक को पीडीएफ भेजी गई, तब जाकर परीक्षा ली गई।
हजारों शिक्षकों ने एकाएक खोला एप, तभी क्रेश हुआ
मंगलवार को प्रदेश के हजारों शिक्षकों ने परीक्षा लेने के लिए एप खोला। एकाएक काफी लोड होने पर एप क्रेश हो गया और काम करना बंद कर गया। यही नहीं एप पर एक-एक बच्चे की परीक्षा लेनी थी। एक बच्चे से कुल 80 प्रश्न कराए जाने थे, जो नहीं हो सके।
एप पर लोड होने की वजह से सर्वर डाउन होकर क्रेश हो गया। इसलिए परीक्षा एप पर नहीं हो सकी। मुख्यालय की तरफ से पीडीएफ फाइल बनाकर पेपर भेजे गए हैं। उसे स्कूल शिक्षकों को भेज दिए गए हैं। उसके जरिये परीक्षा ली जाएगी और बाद में एप शुरू होने पर रिजल्ट अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. सुदर्शन पूनिया, जिला एफएलएन संयोजक, झज्जर