-फोटो 59 : जयवीर अखाड़े में पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराते कोच व अन्य।
बहादुरगढ़। बुपनियां स्थित जयवीर अखाड़े में सोमवार को झज्जर जिले की टीम चुनने के लिए पहलवानों का ट्रायल हुआ। ट्रायल में शीर्ष दो स्थानों पर रहने वाले पहलवान कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित दंगल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हरियाणा खेल विभाग की ओर से गीता जयंती के मौके पर आगामी 12 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले की टीम का चयन करने के लिए सोमवार को बुपनियां स्थित जयवीर अखाड़े में ट्रायल हुआ। इसमें पुरुषों के 79 किलोग्राम वर्ग में जयवीर अखाड़े का निशांत पहले और मांडोठी का परमिंदर दूसरे स्थान पर रहा। 97 किलो भारवर्ग में सोनू अखाड़ा मांडोठी के पहलवान अर्जुन पहले और जयवीर अखाड़े के निखिल ने दूसरा स्थान पाया। इसी तरह लड़कियों के 62 किलो वर्ग में खाचरौली की निक्की विजेता बनीं और ढराणा की सोनिया दूसरे स्थान पर रही। कासनी की शिक्षा ने 76 किलो वर्ग में पहले और अहरी की कीर्ति दूसरे नंबर पर रही।
इस मौके पर कोच जयवीर, कदम, संजय, मुकेश, सुनील, मनु, संजीत, कुकड़ खलीफा, इंद्रजीत पहलवान सुरहा, बलवान खलीफा रोहद, विजया खलीफा सिलोठी आदि मौजूद रहे। कोच जयवीर ने बताया कि हर एक वजन में पहले और दूसरे स्थान पर आने वाले पहलवानों का चयन किया गया है। ये पहलवान कुरुक्षेत्र में गीता जयंती पर होने वाले दंगल में जिले की ओर से भाग लेंगे।