संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। अखिल भारतीय एनएचएम कर्मचारी कल्याण संघ हरियाणा की ओर से आज राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें एनएचएम कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की गई।
संघ के प्रतिनिधि संदीप कुमार जांगड़ा ने बताया कि एनएचएम कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएं ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता को दे रहे हैं, लेकिन उनकी कई मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं। यहां तक कि पिछले 3-4 महीनों से वेतन भी समय पर नहीं मिल रहा, जिससे कर्मचारियों के परिवार के भरण-पोषण में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में एनएचएम कर्मचारियों को अभी तक छठे वेतन आयोग के आधार पर ही वेतन मिल रहा है जबकि अन्य विभागों के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ पहले ही दिया जा चुका है।
वर्ष 2021 में उस समय के हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एनएचएम कर्मचारियों को सातवां वेतन देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
एनएचएम कर्मचारियों हमेशा ही अपनी जान की परवाह किए बिना ही फ्रंट लाइन में कार्य करते रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की मांगे अभी तक अधूरी है। राज्यसभा सांसद ने संघ के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि वे इन जायज मांगों को लेकर हरियाणा सरकार के समक्ष सिफारिश भेजेंगे और शीघ्र समाधान के लिए प्रयास करेंगे।