झज्जर। मांगों को लेकर धरना दे रहे एनएचएम कर्मियों ने तीज के मौके पर धरना स्थल पर सरकार की तेहरवीं मनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक मांग पूरी नहीं करेगी विरोध और धरना जारी रहेगा।
बुधवार को 13वें दिन एंबुलेंस ड्राइवर राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सरकारी अस्पताल में चल रहे धरना स्थल पर तीज का त्योहार मनाया गया। संगठन के कर्मचारियों ने सरकार की 13वीं करते हुए प्रदर्शन कर विरोध जताया।
एनएचएम कर्मचारी संगठन के जिला प्रवक्ता संदीप कुमार जांगड़ा ने बताया कि एनएचएम कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार सरकार के खिलाफ विरोध जताने का कार्य कर रहे हैं लेकिन सरकार नहीं सुन रही। इसलिए धरना स्थल पर सरकार की तेरहवीं मनाकर विरोध जताया गया। हड़ताली कर्मचारियों ने पकोड़ा वितरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार हमारी मांगों को जल्द पूरा करें नहीं तो सरकार के साथ आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए वह तैयार है। कर्मचारियों की एकता में बल है। हड़ताल को कर्मचारी नेता जयपाल गुड्डा, राजवीर दहिया, कर्मचारी न्याय संघर्ष समिति जिला कोर्डिनेटर रमेश जाखड़, कैप्टन सतबीर सिंह, मास्टर सतबीर सिंह, मास्टर बिजेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रवक्ता अभिता, आम आदमी पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष राकेश प्रजापत ने समर्थन दिया।