-नई लाइन से दूर होगी ग्रामीणों की पेयजल समस्या, जलापूर्ति होगी बेहतर
-विधायक राजेश जून बोले, पाइपलाइन बिछने से पानी की किल्लत से मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। सांखोल गांव में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब 25 लाख रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे लंबे समय से पानी की कमी और कम दबाव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। नई पाइपलाइन के जरिए गांव में नियमित और बेहतर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक राजेश जून ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए नई पाइपलाइन की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी पाइपलाइन के कारण कई स्थानों पर जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नई पाइपलाइन बिछने के बाद पानी का दबाव बढ़ेगा और अधिक घरों तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। गांवों में पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। ग्रामीणों ने नई पाइपलाइन की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे गांव के सभी मोहल्लों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।