बहादुरगढ़। गांव सराय औरंगाबाद में दीवार पर मिस्त्री से प्लास्टर करा रही एक महिला व उसके परिवार ने पड़ोसियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पड़ोसी के खिलाफ सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना वीरवार की है। गांव सराय औरंगाबाद निवासी शकुंतला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार की शाम करीब 4 बजे वह घर की दीवार पर मिस्त्री से प्लास्टर का काम करा रही थी। उसी समय साथ लगते मकान से पड़ोसी गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान महिला का पति संदीप, सास कमला देवी पड़ोसियों से बातचीत करने के लिए मकान के बाहर आए। तभी अचानक रविन्द्र उर्फ राणा, नवीन, रमेश, भारती, लखमीरो ने उनके साथ अचानक मार पिटाई शुरू कर दी। नवीन ने डंडे से महिला के सिर पर वार किया। इससे वह घायल हो गई। भारती व लखमीरो ने पीड़िता की सास के साथ हाथापाई की। रविन्द्र उर्फ राणा ने पीड़िता के पति संदीप को ईंट मार दी। आरोप है कि उन्होंने मार पिटाई के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।