झज्जर। कॉलेज की गुणवत्ता जांच करने और मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय झज्जर का शैक्षणिक और प्रशासनिक ऑडिट किया गया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के रसायनशास्त्र विभाग की प्रोफेसर डॉ. सपना गर्ग, वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय, बहादुरगढ़ की प्राचार्य डॉ. राजवंती शर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रवि किरण मदान और औद्योगिक प्रतिनिधि सुबेर सैनी की टीम ने कॉलेज की शैक्षणिक और प्रशासनिक गुणवत्ता की जांच की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह और वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया ने ऑडिट टीम का स्वागत किया और उन्हें कॉलेज में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और संसाधनों के बारे में जानकारी प्रदान की। ऑडिट के दौरान समिति ने कॉलेज के विभागों का दौरा किया और शैक्षणिक कैलेंडर को लागू करने, विभिन्न गतिविधियों के रिकॉर्ड, विद्यार्थियों के हाजिरी रजिस्टर, वैल्यू एडेड कोर्स, शिक्षण अधिगम मूल्यांकन, परीक्षा परिणाम, पाठ योजना, फीडबैक, शोध कार्य, विद्यार्थियों की प्लेसमेंट और उच्चतर शिक्षा में भागीदारी, पूर्व विद्यार्थी संगठन, बेस्ट प्रैक्टिस, पुस्तकालय, स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर और वाई-फाई की सुविधा, पुस्तकालय और वित्तीय प्रबंधन की गहनता से जांच की। समिति ने सत्र 2023-24 के दौरान कॉलेज की प्रगति का मूल्यांकन किया और महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों और उठाए गए कदमों की तारीफ की। समिति ने कहा कि महाविद्यालय का सारा रिकॉर्ड सुव्यवस्थित और अद्यतन है तथा नेहरू कॉलेज उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में सभी जरूरी पैमानों पर कार्य कर रहा है। प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह ने समिति को बताया कि नेहरू कॉलेज झज्जर का सबसे पुराना और ऐतिहासिक कॉलेज है। गत सत्र के दौरान विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों की 261 गतिविधियां आयोजित की गई, जो अपने आप में एक रिकार्ड है। पिछले सत्र के दौरान लगभग सभी कक्षाओं का परीक्षा परिणाम अच्छा रहा।