12-किलोरोड पर खरीददारी करते ग्राहक। संवाद
रोहतक। चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहे हैं। बाजारों में फेस्टिव शॉपिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। महिलाओं में इस बार हल्की कॉटन कुर्ती, सिंपल कुर्ती और लॉन्ग कुर्ती का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। गर्मी के मौसम और पूजा-पाठ की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाएं ऐसे कपड़ों को प्राथमिकता दे रही हैं जो आरामदायक होने के साथ-साथ ट्रेडिशनल लुक भी दे।
बाजार में इन दिनों कॉटन कुर्ती, प्रिंटेड कुर्ती, लॉन्ग कुर्ती और एथनिक वियर की बिक्री में अच्छा इजाफा देखा जा रहा है। कॉलेज जाने वाली छात्राओं से लेकर कामकाजी महिलाओं तक, हर वर्ग की महिलाएं सिंपल कुर्ती के साथ दुपट्टा या इंडो-वेस्टर्न लुक को अपना रही हैं। बजट की बात करें तो 300 से 1500 रुपये तक की कुर्तियां सबसे ज्यादा बिक रही हैं।
किला रोड स्थित दुकानदार अशोक दयाल का कहना है कि नवरात्र के चलते पीले, लाल और हरे रंग की कुर्तियों की डिमांड सबसे ज्यादा है क्योंकि ये रंग शुभ माने जाते हैं और महिलाएं इन्हें खास तौर पर नवरात्र के नौ दिनों में पहनना पसंद करती हैं।
दुकानदार रोहित खत्री का कहना है कि इस बार ग्राहक भारी कपड़ों की बजाय हल्के और सादे डिजाइन की कुर्तियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। लॉन्ग कुर्ती और सिंपल प्रिंटेड कुर्ती युवतियों में लोकप्रिय हो रही हैं क्योंकि ये पहनने में आरामदायक होने के साथ स्टाइलिश भी लगती हैं।
बाजार में खरीदारी करने आईं मनीषा ने बताया कि ऑफिस के साथ नौ दिन का व्रत भी रखेंगी तो इसलिए वह आरामदायक कुर्ती पसंद आ रही हैं। काम के साथ कोई परेशानी नहीं होगी। खरीदारी कर रहीं साक्षी ने बताया कि वह कॉलेज की छात्रा है और आरामदायक कपड़े पहनना पसंद करती हैं। नवरात्र आने पर वह लॉन्ग कुर्ती की खरीदारी कर रही हैं जिससे इंडो-वेस्टर्न लुक भी बना रहे।