बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नरेश कौशिक
- फोटो : संवाद
भाजपा से विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बदले जाने पर बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नरेश कौशिक भावुक हो गए। उन्होंने एक जनसभा के दौरान स्टेज पर अपनी नाराजगी जाहिर की और आंसू भी छलक आए। नरेश कौशिक की जगह उनके छोटे भाई दिनेश कौशिक को इस बार भाजपा ने टिकट दिया है, जिस पर नरेश कौशिक ने कड़ा ऐतराज जताया है।
सभा में बोलते हुए नरेश कौशिक ने दिनेश कौशिक को अहंकारी बताया और कहा कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी में भी उन्हें निमंत्रण नहीं दिया था। नरेश ने कहा कि अगर सीट जीतनी है तो टिकट बदलनी होगी। उन्होंने 9 सितंबर तक पार्टी से फैसला बदलने की अपील की और कहा कि यदि भाजपा फैसला नहीं बदलती है, तो सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के उम्मीदवार की मदद करनी चाहिए।
इस दौरान नरेश कौशिक ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पर भी निशाना साधते हुए उन्हें "स्वयंभू नेता" कहा और कहा कि कार्यकर्ताओं को ऐसे नेताओं को सबक सिखाना चाहिए। उनके इस बयान से भाजपा के अंदर उथल-पुथल का माहौल पैदा हो गया है। अब सभी की नजरें 9 सितंबर पर टिकी हैं, जब नरेश कौशिक अपने अगले कदम का ऐलान कर सकते हैं।