बहादुरगढ़। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो झज्जर की तीन टीमों ने गाड़ियों में अवैध शराब भरकर ले जाने के मामले में तीन आरोपियों को काबू किया है।
पुलिस थाना हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो झज्जर के प्रबंधक निरीक्षक धर्मेंद्र ने बताया कि थाना में तैनात सहायक उप-निरीक्षक नरेंद्र कुमार की टीम ने सूचना के आधार पर आबकारी टीम के साथ मिलकर बहादुरगढ़ के सिद्धीपुर लोवा गांव के नजदीक से एक कार से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची तो एक गाड़ी बालौर चौक की तरफ से आती दिखाई दी। टीम ने गाड़ी को पकड़ा और चालक से पूछताछ की तो उसने पहचान हुकम सिंह निवासी दिल्ली के तौर पर बताई। गाड़ी में अवैध देसी शराब की 50 पेटिया बरामद हुईं।
वहीं दूसरी टीम में तैनात सहायक उप-निरीक्षक सुनील कुमार की टीम ने आबकारी टीम के साथ मिलकर बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट-बी श्याम पिकअप यूनियन बहादुरगढ़ के नजदीक नाकाबंदी करके एक टेंपो से शराब की 130 पेटी बरामद की। अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास निवासी दिल्ली के तौर पर की गई। वहीं तीसरी टीम में तैनात मुख्य सिपाही अजय की टीम ने आबकारी विभाग की टीम के साथ एक कार में अवैध शराब भरकर ले जाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अखिलेश निवासी अलावलपुर, उत्तर प्रदेश के तौर पर की गई। गाड़ी से अवैध देशी शराब की 40 पेटिया बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा राज्य परिवर्तन ब्यूरो झज्जर में मामला दर्ज किया गया है।