नगर परिषद ईओ संजय रोहिल्ला से मिलते मेन बाजार के दुकानदार।
बहादुरगढ़। शहर के मुख्य बाजार में आने वाले ग्राहकों की समस्या देख नगर परिषद ने बुधवार को शौचालय का निर्माण शुरू करा दिया गया लेकिन दुकानदारों ने इस पर एतराज जता दिया। दुकानदार शौचालय का निर्माण किसी और स्थान पर कराए जाने की मांग को लेकर बुधवार को नगर परिषद के ईओ संजय रोहिल्ला से मिले और कार्य को रुकवाने की मांग की। व्यापारियों के एतराज के बाद अधिकारियों ने काम रुकवा दिया।नई जगह चयनित होने के बाद शौचालय का निर्माण होगा। दुकानदारों ने शौचालय बनाए जाने वाले स्थान पर प्याऊ बनवाने की मांग की।
मेन बाजार में नगर परिषद की एक दुकान है। जिसमें काफी समय से बिजली विभाग के कर्मचारी बैठते थे, लेकिन अब नगर परिषद ने इस दुकान में शौचालय बनाए जाने का कार्य शुरू कराया। इस पर आसपास के कई दुकानदारों पवन वशिष्ठ, अमित कुमार, जगदीश कुमार, कृष्णा समेत अन्य ने एतराज जताया। दुकानदारों का कहना है कि यहां पर शौचालय का निर्माण करने से गर्मियों ही नहीं बल्कि सर्दी के मौसम में भी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बेहतर होगा कि यहां पर प्याऊ का निर्माण कराया जाए। ताकि आमजन को गर्मियों के मौसम में पीने का पानी मिल सके। दुकानदार कार्य रुकवाने को लेकर बुधवार को अधिकारियों से मिले। इस पर नगर परिषद अधिकारियों ने फिलहाल कार्य को रुकवा दिया है। अब शौचालय निर्माण के लिए नई जगह का चयन किया जाएगा। इसके बाद ही शौचालय का निर्माण होगा।
वर्जन...
दुकानदारों की ओर से यहां पर शौचालय न बनाने की शिकायत मिली है। यह तकनीकी शाखा को भेज दिया है। कोई नई जगह का चयन करके वहां पर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
-संजय रोहिल्ला, ईओ, नगर परिषद बहादुरगढ़।