नप की कार्रवाई का विरोध करते दुकानदार।
बहादुरगढ़। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद का दस्ता बुधवार को सड़कों पर उतरा। नगर परिषद अधिकारियों के नेतृत्व में 30 कर्मचारियों की टीम ने शहर के रेलवे रोड, माल गोदाम रोड, अनाज मंडी व नाहरा-नाहरी रोड पर लाइनपार क्षेत्र रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई। सड़कों पर रखा काफी सामान जब्त किया गया। जबकि गंदगी फैलाने पर पांच दुकानदारों के चालान भी किए और इनसे 2500 रुपये जुर्माना भी वसूला।
नगर परिषद एमई अर्जुन सिंह, भूमि अधिकारी नीरज कुमार, सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान कई जगहों से टीम दस्ते ने सड़कों पर रखा सामान हटवाया। साथ ही कुछ सामान व फ्लैक्स बोर्ड को जब्त भी किया। साथ में अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को समझाते हुए उन्हें चेतावनी भी दी कि भविष्य में उन्होंने फिर से अपना सामान सड़क पर रखा तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई भी की जाएगी। कुछ जगहों पर टीम अधिकारियों को लोगों को विरोध का सामना करना पड़ा। मगर अभियान जारी रहा। सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ मुहिम शहरी क्षेत्र में चलाई जाती रही है। टीम को शिकायत मिली थी कि दुकानदार मनमानी करते हुए अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।