बहादुरगढ़। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह हत्याकांड को 18 दिन बीत चुके हैं। हत्याकांड में शामिल गोवा से गिरफ्तार करके जेल भेजे गए दो आरोपियों से हुई पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के साथी अमित गुलिया को पूछताछ के लिए पुलिस 18 मार्च को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर बहादुरगढ़ आएगी। इससे नफे सिंह हत्याकांड के बारे में पूछताछ होगी। फिलहाल अमित गुलिया दिल्ली की मंडौली जेल में बंद है। वहीं दूसरी ओर नफे सिंह परिवार ने सुरक्षा की दृष्टि से मोहल्ले की गली में सीसीटीवी भी लगवाए हैं। गैंगस्टर नंदू द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल करके नफे सिंह हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने के बाद से पुलिस की जांच चल रही है।
25 फरवरी की सायं सवा पांच बजे बराही फाटक के नजदीक नफे सिंह की कार पर फायरिंग करके उनकी हत्या कर दी गई थी। इस दौरान उनके सहयोगी रहे जयकिशन की भी मौत हुई थी। जबकि उनके भांजे संजय और संजीत निवासी कबलाना गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत में सुधार है। इसके बाद दिल्ली की स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस ने गोवा के एक होटल से हत्याकांड में शामिल आशीष उर्फ बाबा और सौरव निवासी नांगलोई दिल्ली को गिरफ्तार किया था। दोनों 8 दिन के रिमांड पर थे। वहीं आरोपियों को कार मुहैया कराने के आरोप में पुलिस ने धर्मेंद्र निवासी बिजवासन, दिल्ली को गिरफ्तार किया था। वह चार दिन के रिमांड पर था। तीनों आरोपियों से पुलिस ने नफे सिंह हत्याकांड मेंं गहन पूछताछ की तो आशीष और सौरव से पता लगा कि शूटरों को नफे सिंह की हत्या का टास्क अमित गुलिया से मिला था। ऐसे में अब इस हत्याकांड का राज अमित गुलिया से पूछताछ में खुलने की संभावना है। पुलिस ने उसको बहादुरगढ़ लाकर पूछताछ करने के लिए कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाया है। 18 मार्च को पुलिस उसे पूछताछ के लिए लाएगी। इसके बाद नफे सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की संभावना है। इस मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अभी पुलिस को तलाशने में हैं कई सवालों के जवाब
नफे सिंह हत्याकांड में पुलिस को अभी काफी सवालों के जवाब तलाशने हैं। नफे सिंह राठी का जब शूटरों ने पीछा किया तब उनको बार-बार नफे सिंह की फोन पर लोकेशन मिल रही थी। हत्या से पहले कार सवार शूटरों में से फ्रंट में कंडक्टर सीट पर जब फोन पर बात कर रहा था तब उसे शायद लोकेशन ही बताई जा रही थी। फोन सुनने वाला शूटर अतुल बताया जा रहा है। अतुल और उसका साथी नकुल सांगवान अभी फरार हैं। यह दोनों आरोपी नफे सिंह परिवार द्वारा दो दिन पहले जारी की गई गोवा के होटल की एक वीडियो में नजर आए थे। इस पर सवाल खड़े हुए हैं। सवाल यह है कि जब पुलिस आशीष और सौरव को गोवा से गिरफ्तार करके यहां लौटी तो अतुल और नकुल सांगवान कहां फरार हो गए। इनके अलावा नफे सिंह राठी की कार जीपीएस किसने और कब लगाया। यह जीपीएस स्टेपनी के पास लगा मिला था। यह सवाल भी अभी अनसुलझा है। 18 मार्च को दिल्ली की मंडौली जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए जाने वाले आरोपी अमित गुलिया से पूछताछ में नफे सिंह हत्याकांड का कुछ खुलासा हो सकता है।
वर्जन...
नफे सिंह हत्याकांड में 18 मार्च को दिल्ली की मंडौली जेल से अमित गुलिया को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।
-संदीप कुमार, एसएचओ, लाइनपार थाना बहादुरगढ़।