घर से भागे हुए नाबालिग प्रेमी युगल ने मंगलवार की रात में जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों साल्हावास थाना के अंतर्गत गांव ढ़ाणा में बेसुध हालत में पड़े मिले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया। बुधवार को महिला थाना प्रभारी सुनीता दोनों के बयान दर्ज करने पीजीआई पहुंची, लेकिन दोनों की हालत खराब होने के चलते बयान दर्ज नहीं हो पाए। पुलिस छानबीन में लगी है।
ये है मामला
थाना झज्जर के अंतर्गत आने वाले एक गांव के व्यक्ति ने 8 फरवरी को महिला थाना में शिकायत दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी 7 फरवरी को शाम साढ़े 4 बजे से लापता है। गांव का ही एक लड़का उसकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। मेरी लड़की की तुरंत तलाश की जाए और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। पुलिस ने उसकी शिकायत पर 8 फरवरी को आरोपी युवक पर केस कर लिया था।
ढ़ाणा में निगला जहर
प्रेमी युगल घर से फरार होने के बाद से ही छिपता फिर रहा था। इस बीच वे थाना साल्हावास के अंतर्गत आने वाले गांव ढ़ाणा में पहुंच गए। पकड़े जाने के भय से वहां दोनों ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। ग्रामीणों ने युवक युवती को बेसुध हालत में पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी। साल्हावास पुलिस ने दोनों को रात को ही सीधा रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया। दोनों के जहर खा लेने की सूचना उनके परिजनों को दी गई।
डॉक्टर बोले : बयान देने के काबिल नहीं
महिला थाना प्रभारी सुनीता बुधवार को उनके बयान लेने के लिए पीजीआई गई। वहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत को गंभीर बताते हुए उनको बयान देने के काबिल नहीं बताया। पुलिस इसके बाद बिना बयान लिए ही वापस लौट आयी। थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले का पता चलेगा। पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है।
प्रेमी युगल फिलहाल बयान देने के काबिल नहीं है। महिला थाना पुलिस देर रात फिर से रोहतक पीजीआई में जाकर दोनों के बयान दर्ज करने का प्रयास करेगी। बयान होने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चमनलाल, पुलिस प्रवक्ता