इसी बैल-बुग्गी में की गई तिलकराज की हत्या।
- फोटो : Bahadurgarh
बादली। बादली थाना के गांव बुपनियां में शुक्रवार सुबह पशुओं का चारा लेकर घर लौट रहे युवक की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का पता परिजनों को उस समय लगा जब बैलगाड़ी खींचते हुए बैल मृतक का शव घर के सामने लेकर पहुंचा। मृतक की पहचान गांव बुपनिया निवासी तिलकराज उर्फ नान्हें के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू करने के साथ-साथ मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
तिलक राज ठेके पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के नहर विभाग में बतौर बेलदार कार्यरत था। शुक्रवार की सुबह वह अपने पिता और भाई के साथ खेतों में चारा लेने गया था। उसके पिता और भाई मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की तरफ निकले थे। जबकि तिलक बैलगाड़ी में सवार होकर घर की ओर चल पड़ा। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव के ही दो युवक जगत और भगत पहुंचे और तिलक राज पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। तिलक को सिर में गोली लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने मृतक के पिता और भाई पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर निकलने में कामयाब हो गए। मृतक के पिता जयभगवान ने बताया कि तिलकराज और उसके परिवार का गांव के ही एक अन्य परिवार के साथ कुछ समय पहले झगड़ा हो गया था। जिसके बाद हमलावर जेल चले गए थे। हमलावर कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे और बाहर आते ही उन्होंने यह वारदात कर दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। मृतक तिलकराज का शव पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव से कुछ दूर पर की गई हत्या
तिलक की हत्या गांव से कुछ दूर पर ही गई है। हत्या के बाद हमलावर भाग गए, जबकि तिलक लहूलुहान हालत में बैलगाड़ी में गिर गया। बैलगाड़ी में पड़े तिलक को बैल स्वयं ही मृतक के घर के सामने लेकर पहुंच गया। रास्ते में भी किसी ने बैलगाड़ी को नहीं रोका। घर के सामने आकर बैल रुक गया। परिजन तिलक को लहूलुहान हाल में देखकर हैरान रह गए।
पुरानी रंजिश का मामला
10 दिसंबर 2018 को बुपनियां निवासी प्रवीन की हत्या हुई थी। कुछ दिनों बाद 5 जुलाई 2019 को तिलकराज के भाई जनक पर हत्या के इरादे से गोली चली। प्रवीन की हत्या का आरोप गांव के ही जगत पर लगा और वह जेल गया। गत 10 अगस्त को वह हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया था। प्रवीन नामक जिस युवक की 2018 में हत्या हुई थी, जगत उसका चाचा है। पुलिस का कहना है कि अपने भतीजे प्रवीन की हत्या का बदला लेने के लिए जगत ने तिलकराज की शुक्रवार को खेतों के रास्ते में गोली मारकर हत्या की है। शिकायतकर्ता जयभगवान के अनुसार हमले के वक्त जगत के साथ उसका उसका भाई भगत भी था।
मामला दर्ज कर टीमें गठित
पुुलिस ने मृतक के पिता जयभगवान की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। थाना पुलिस और अपराध शाखा पुलिस मामले के आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- अशोक कुमार, डीएसपी बादली।