गांव डाबोदा में होटल के चौकीदार मोनू की गोली मारकर हत्या और लूट के दूसरे दिन भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस के अनुसार उनकी कई टीमें वारदात को ट्रेस करने में जुटी हुई है।
थाना सदर पुलिस ने अपराधियों की हिस्ट्री खंगालनी शुरू कर दी है। रात के समय पुलिस होटल के आसपास स्पेशल निगरानी रख रही है। बता दें कि मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे कार सवार तीन युवक मलिक होटल पर पहुंचे और उन्होंने यहां से दो बार खाना पैक कराया।
इसके लिए उन्होंने 320 रुपये की अदायगी भी की। लेकिन इसके बाद वे फिर से तीसरी बार यहां आए और उन्होंने होटल संचालक शीलकंवार से पिस्तौल के बल पर पांच हजार देने के लिए दबाव डाला। इसी बीच विवाद बढ़ता देखकर जब चौकीदार ने युवक को टोका और उसे पकड़ना चाहा तो मौका पाकर हथियार लिए युवक ने उस पर गोली दाग दी थी। जिसमें मोनू की मौत हो गई थी। यही नहीं बाद में संचालक से कार सवार युवक 13 हजार रुपये लूटकर फरार भी हो गए थे।