संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। नागरिक मंच बहादुरगढ़ के पदाधिकारियों का कहना है कि शहर में शुरुआती बरसात के साथ ही जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। मंच ने नगर परिषद से सेक्टरों और लाइनपार क्षेत्र में जलभराव, ओवरफ्लो सीवर और जर्जर सड़कों की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
मंच के संयोजक रामकिशन ने बताया कि सेक्टर-6 के नाले गंदगी से अटे पड़े हैं और पहली पुलिया वाले मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लाइनपार स्थित सुभाष नगर, शंकर गार्डन गली नंबर-तीन, जो आगे चलकर भीड़भाड़ वाली संकरी गली में बदल जाती है, वहां ट्रैक्टर, छोटे वाहन, पैदल राहगीरों और तीन स्कूलों के विद्यार्थियों की आवाजाही के कारण पूरे दिन यातायात का दबाव रहता है।
नगर परिषद ने कुछ गड्ढे तो भर दिए हैं लेकिन सुभाष नगर की शुरुआत से ड्रेन तक कई गड्ढे अब भी खुले पड़े हैं। इससे जाम और हादसों का खतरा बना रहता है तथा कई बार बच्चे और बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। रामकिशन ने बताया कि सुभाष नगर एक्सटेंशन में सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी गलियों में जमा है। वहीं डिग्गी वाला रोड और फाटक चौक पर हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष इसी चौक पर पानी में उतरे करंट की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई थी। उनका कहना है कि शहर की अनेक कॉलोनियों में सीवर जाम हैं और सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।
मुरारी लाल, राजेंद्र सिंह, बंटी, हवासिंह, जसवंत सिंह, दीपक कुमार, सुरेंद्र कुमार और स्वरूप सिंह आदि ने नगर परिषद से सेक्टरों, शंकर गार्डन, सुभाष नगर, गली नंबर-तीन, डिग्गी और फाटक रोड के सभी गड्ढे भरने, ओवरफ्लो सीवर दुरुस्त करने, नालियों व नालों की सफाई कराने तथा जलभराव की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है।