सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बहादुरगढ़ के लोगों को रविवार के दिन करोड़ों रुपये की सौगात दी। यहां सांसद ने 11 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। जिन पर करीब 26 करोड़ रुपये लागत आएगी। राजकीय महाविद्यालय के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने साढे़ ग्यारह करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए राजकीय महिला कालेज भवन उद्घाटन किया।
उन्होंने आबादी के ऊपर से हाइटेंशन बिजली लाइन हटाने के कार्य का शुभारंभ कराया। इस कार्य पर 3 करोड़ 40 लाख रुपये लागत आएगी। शहर के बीचों बीच बनी आटो मार्केट के स्थानांतरण के लिए सेक्टर-12 में बनने वाली नई आटो मार्केट का शिलान्यास किया। यह मार्केट करीब 47 एकड़ में बनकर तैयार होगी। इसके सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है।
मांडोठी गांव में 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवीए पावर सब स्टेशन का शिलान्यास, सेक्टर-10 में बनने वाले विद्युत शवदाह गृह का शिलान्यास, आसौदा से बराही गावं लिंक रोड व मांडोठी से मेहंदीपुर डाबोदा लिंक रोड समेत कुल 11 परियाजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास व उद्घाटन सांसद दीपेंद्र ने रविवार को किया। साथ ही उन्होंने शहर में 24 करोड़ रुपये से होने वाले अन्य विकास कार्य कराने का वादा भी किया। इस मौके पर विधायक राजेंद्र जून, जिला परिषद अध्यक्ष सतीश छिकारा व कई सरकारी अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।
भाजपा यूज़ एंड थ्रो वाली पार्टी
सांसद दीपेंद्र ने समारोह में कहा कि भाजपा दो नंबर के आदमियों से अपना कुनबा बढ़ाना चाहती है, लेकिन अगर उसमें दम है तो भूपेंद्र हुड्डा के सामने मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित कर चुनाव लड़े। वीरेंद्र सिंह के पार्टी छोड़ने पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्वार्थ के लिए दूसरी जगह गए हैं।
हजकां-भाजपा गठबंधन पर भी दीपेंद्र ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि शुरू से ही ये गठबंधन टूटा हुआ है। भाजपा तो हमेशा धोखा देती आई है। बंसीलाल, देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला को भी धोखा दे चुकी है। वह पूंजीपतियों के हित की सोच रखने वाली पार्टी है।
दीपेंद्र ने कहा कि आज मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। इनेलो की प्रदेश में क्या स्थिति है यह सभी को पता है। सत्ता में रहते हुए इनेलो ने किस नीयत के साथ प्रदेश में काम किया यह बात किसी से छिपी नहीं है। किसानों का दमन करते हुए प्रदेश में भय का माहौल इनेलो ने दिया।