झज्जर। झज्जर-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को एक ऑल्टो कार और बाइक की टक्कर में बाइक के पीछे बैठे सवार की मौत हो गई। गांव जहादपुर निवासी अशोक अपनी बाइक पर सवार होकर झज्जर की ओर आ रहा था और बाइक पर उसके साथ जयकंवार भी बैठा था। जब बाइक माछरौली के पास पहुंची तो उनकी बाइक की टक्कर एक कार से हो गई। इसमें बाइक पर बैठे जयकंवार की मौत हो गई और बाइक चला रहा अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की यह सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जयकंवार व अशोक को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। जहां अशोक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक जयकंवार के पोस्टमार्टम की कार्रवाई में पुलिस जुटी थी।