नगर परिषद ने सरकारी जमीनों से कब्जा हटवाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। शहर के पुराना कच्चा बेरी रोड पर वर्षों से कब्जा करके बनाई गई चारदीवारी को परिषद ने बृहस्पतिवार को तोड़ दिया। नगर परिषद की ओर से अचानक हुई इस तोड़फोड़ कार्रवाई का शुरूआत में तो लोगों ने काफी विरोध किया। बाद में शांति से तोड़फोड़ अभियान में पूरा सहयोग किया। अवैध कब्जे से खाली कराई जमीन पर नगर परिषद अब पार्क विकसित करने की योजना बना रही है। यह पार्क स्वर्ण जयंती योजना के तहत विकसित होगा।
नगर परिषद के एमई भारत भूषण ने बताया कि कच्चा बेरी रोड़ का रास्ता 66 फुट चौड़ा है। इसके करीब 30 से 40 फुट रास्ते पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कुछ जमीन पर कब्जा करके लोगों ने पक्के मकान भी बना रखे हैं जिन्हें नोटिस देकर खाली करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 66 फुट चौड़े कच्चा बेरी रोड पर स्वर्ण जयंती योजना के तहत पार्क विकसित किया जाएगा। करीब 800 मीटर लंबा ये पार्क झज्जर रोड पर स्थित छोटूराम पार्क के साथ-साथ बहादुरगढ़ माइनर तक बनाया जाएगा।
एमई भारत भूषण के अनुसार पार्क बनाने का काम करीब 6 महीने में पूरा होगा और इस पर 40 लाख तक का खर्चा होगा। पार्क में अनेक तरह के झूले व हरियाणवी संस्कृति को दर्शाते स्टेच्यू भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिषद की जितनी जमीनों पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है उन सब कब्जों को हटवाया जाएगा और लोगों की सहूलियत और विकास के लिए उन जगहों को विकसित किया जाएगा। बृहस्पतिवार को अचानक से हुई इस कार्यवाही में परिषद के तोड़ फोड़ दस्ते ने करीब 60 चारदीवारी ढहाई हैं। कुछ अवैध कब्जा धारकों ने खुद कब्जा हटाने की बात कहकर नगर परिषद से कुछ समय की मांग भी की है। जिस पर उन्हें खुद कब्जा खाली करने के लिए एक दिन की मोहल्लत दी गई है। आपको ये भी बता दें कि कब्जा धारकों ने केवल परिषद की जमीन ही नहीं बल्कि वाटर वर्क्स की जमीन पर भी अवैध कब्जा कर पक्के मकान बना रखे हैं। ऐसे में जल आपूर्ति विभाग को भी अपनी जमीन खाली करवाने के लिए कार्यवाही जल्द शुरू करनी चाहिए। अन्यथा कब्जा और पुराना और पुख्ता होता चला जाएगा।