गिरफ्त में आया बदमाश सीआईए स्टाफ की हिरासत में।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। पुलिस की अपराध शाखा ने शहर निवासी एक व्यक्ति की हत्या का षड्यंत्र रचने के मामले में वांछित आपराधिक गिरोह के सरगना राजू बसौदी को गिरफ्तार किया है। राजू बहादुरगढ़ निवासी अजय उर्फ डंका की हत्या के मामले में वांछित था। अजय की 06 फरवरी 2019 को बहादुरगढ़ शहर में हत्या कर दी गई थी। वांछित आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार दिखाया गया है।
बता दें कि बीती 6 फरवरी को थाना शहर बहादुरगढ़ के इलाके में अजय उर्फ डंका की गोली मारकर हत्या करके आरोपी मौके से फरार हो गए थे। थाना शहर बहादुरगढ़ में उनके खिलाफ मामला अंकित किया गया था। अपराध जांच शाखा प्रथम बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि डीआईजी अशोक कुमार ने मामले के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए मामला सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ के हवाले किया गया था। सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ में तैनात उप निरीक्षक कर्मबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर लाकर हत्या की उपरोक्त वारदात के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। किसी अन्य आपराधिक मामले में पानीपत जेल में बंद आरोपी राजू बसौदी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। पुलिस ने माननीय अदालत से आरोपी को हत्या के उपरोक्त मामले में पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
उन्होंने बताया कि आपसी विवाद को लेकर बीती 6 फरवरी की देर शाम को आरोपियों ने बहादुरगढ़ सिटी एरिया में अजय उर्फ डंका की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के संबंध में विकास निवासी गांव मांडोठी हाल छोटूराम पार्क बहादुरगढ़ ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया था कि उसका चाचा अजय उर्फ डंका निवासी मांडोठी जो करीब दो महीने पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह आदर्श नगर बहादुरगढ़ में रहता था। उसे सूचना मिली थी कि झज्जर रोड पर उसके चाचा अजय के साथ झगड़ा हुआ है। वह मौका पर पहुंचे तो उसका चाचा बाइक सहित सड़क पर गिरा हुआ था। उसके शरीर से खून बह रहा था और उसे कई गोलियां लगी हुई थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अजय को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। हत्या की उपरोक्त वारदात की साजिश में शामिल आरोपी राजकुमार उर्फ राजू पुत्र जिले सिंह निवासी गांव बसौदी जिला सोनीपत को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया उपरोक्त बदमाश झज्जर शहर निवासी एक व्यक्ति की हत्या के षड्यंत्र में भी शामिल रहा है। उपरोक्त आरोपी ने 10 मार्च 2019 को झज्जर शहर के इलाके में हुई झज्जर निवासी धर्मेंद्र उर्फ केके की हत्या के षड्यंत्र में भी शामिल था। पकड़ा गया बदमाश वर्ष 2012 में झज्जर गुरुग्राम रोड पर दुलीना के निकट कैदी वाहन पर हुए हमला करने की वारदात में भी शामिल था। सीआईए प्रथम बहादुरगढ़ की गिरफ्त में आया आरोपी मार्च 2019 में हुई गांव डाबोदा कला के सरपंच सतबीर सिंह की हत्या के षड्यंत्र में भी शामिल था। हत्या के उपरोक्त मामले में भी पकड़ा गया बदमाश झज्जर पुलिस का वांछित आरोपी है।