नारनौल। भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से विधानसभा आम चुनाव में महेंद्रगढ़ जिला के लिए नियुक्त पुलिस आब्जर्वर ए रमेश रेड्डी ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने की जिम्मेदारी सभी अधिकारियों की है। चुनाव में धनबल और बाहुबल का प्रयोग किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
कहा कि कोई भी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति कानून की अवहेलना करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रेड्डी वीरवार को लघु सचिवालय में चुनाव से जुड़े अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। व्यय पर्यवेक्षक आशीष सैनी भी मौजूद थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी नाकों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
पुलिस आब्जर्वर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए गठित टीमें नकदी की मूवमेंट पर भी नजर रखेंगी। कहीं भी मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई चीज बांटने की सूचना मिले तो तुरंत प्रभाव से एक्शन होना चाहिए। इस मामले में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें। इस बैठक में एडीसी वैशाली सिंह, नगराधीश मंजीत सिंह, डीईटीसी सेल टैक्स प्रियंका यादव, डीईटीसी एक्साइज अनिल शर्मा के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।