झज्जर। लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में सोमवार को चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त माइक्रो ऑब्जर्वर की कार्यशाला आयोजित की गई। वर्कशाप में सामान्य पर्यवेक्षक मुक्तानंद अग्रवाल व दीपक रंजन दास ने आयोग के निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन सुबह 5.30 बजे पोलिंग एजेंट की मौजूदगी में मॉक पोल कराएं।
उपस्थित माइक्रो ऑब्जर्वर को निर्वाचन आयोग के नियमानुसार कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस बीच डीसी शक्ति सिंह ने सामान्य पर्यवेक्षक गण का स्वागत करते हुए मतदान की तैयारियों से अवगत कराया। सामान्य पर्यवेक्षक ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान के दिन बूथ पर अपनी ड्यूटी के प्रति सतर्क रहें। डीसी ने बताया कि जिलेभर में विधानसभा चुनाव के चलते 13 रिजर्व सहित कुल 79 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। आज इन सभी को ट्रेनिंग देने के लिए बुलाया गया। डीसी ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की ड्यूटी लगाई जाएगी। सुबह 5.30 बजे मॉक पोल शुरू हो जाएगा। माइक्रो ऑब्जर्वर को यह देखना होगा कि मॉक पोल के समय कितने पोलिंग एजेंट उपस्थित रहे। मॉक पोल के समय कितनी पर्चियां वीवीपैट से निकाली गई और उसके बाद क्लोज व रिजल्ट का बटन दबाया गया या नहीं। इस अवसर पर डीएमसी परवेश कादियान, निर्वाचन उप तहसीलदार सुरेंद्र सिंह उपस्थित थे।